गुरु पूर्णिमा से पहले परमहंस आश्रम मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की मांग, अंधेरे में श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
सक्तेशगढ़। क्षेत्र स्थित परमहंस आश्रम में 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। मेले और धार्मिक आयोजन को लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु अभी से आश्रम पहुंचने लगे हैं। ऐसे में रात के समय आश्रम के आसपास और आने-जाने वाले मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।सक्तेशगढ़ निवासी वीरेंद्र पाल ने बताया कि परमहंस आश्रम के आसपास पुरानी बस्ती जौगढ़ चौराहा तथा कोटिलवा मोड तक कई स्थानों पर बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही सड़क के कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है। अंधेरे में पैदल आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कत हो रही है। रात के समय मार्ग पर आवारा कुत्तों के कारण भी श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा के मुख्य पर्व से पहले ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंच चुके हैं और आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यदि समय रहते प्रकाश व्यवस्था नहीं की गई तो रात में आने-जाने वाले लोगों को और अधिक समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। वीरेंद्र पाल ने प्रशासन और संबंधित बिजली विभाग से मांग की है कि गुरु पूर्णिमा पर्व से पहले परमहंस आश्रम से जुड़े प्रमुख मार्गों पर बिजली के खंभों पर स्ट्रीट लाइट लगवाई जाए तथा खराब पड़ी लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि मार्गों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होने से श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और रात के समय किसी अप्रिय घटना की आशंका भी कम होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरु पूर्णिमा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन को प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराना चाहिए, ताकि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से आश्रम तक पहुंच सकें।
Post a Comment