जर्जर हाईटेंशन लाइन बनी काल: विद्युत विभाग की लापरवाही से मजदूर की मौत, छह मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

जर्जर हाईटेंशन लाइन बनी काल: विद्युत विभाग की लापरवाही से मजदूर की मौत, छह मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
हरदोई। तहसील संडीला क्षेत्र के अतरौली पावर हाउस अंतर्गत ग्राम छावन में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। रविवार को हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से देवलाल गौतम (40) पुत्र विश्राम की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक देवलाल गौतम अपने पीछे पत्नी जगदेई, चार बेटियां और दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, पत्नी जगदेई घरों में झाड़ू-पोछा कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि भरवां क्षेत्र की जर्जर विद्युत लाइनों की शिकायत पिछले लगभग छह महीनों से लगातार संबंधित अधिकारियों से की जा रही थी, लेकिन विभाग ने समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर लाइनों की मरम्मत या बदलाव कर दिया गया होता तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। लोगों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस हृदयविदारक हादसे ने छह मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया, जिससे पूरे गांव में शोक का माहौल है।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts