रुचि यादव और सूरज यदुवंशी का बिरहा सुनने जुटी हजारों की भीड़।
नसीराबाद, रायबरेली। छतोह ब्लॉक के परैया नमकसार गांव में शनिवार की शाम रुचि यादव और सूरज यदुवंशी के बीच जवाबी बिरहा का शानदार मुकाबला हुआ। दोनों कलाकारों ने बिरहा गायन से रातभर समां बांधे रखा। दूर-दूर से पहुंचे हजारों श्रोताओं ने नकद पुरस्कारों की झड़ी लगा दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ बाला जी महाराज और खाटू श्याम जी की वंदना से हुआ। जवाबी बिरहा का दौर शुरू हुआ तो रुचि यादव ने अपनी सुरीली आवाज में सामाजिक मुद्दों,नारी शक्ति,शिक्षा और लोक संस्कृति पर आधारित बिरहा प्रस्तुत किए। इसके पहले सूरज यदुवंशी ने ग्रामीण जीवन, सामाजिक एकता, किसान जीवन और भारतीय परंपराओं से जुड़े गीतों के माध्यम से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों कलाकारों ने एक-दूसरे के सवालों का जवाब दिया तो दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। रातभर चले इस मुकाबले में लोकसंस्कृति की समृद्ध झलक देखने को मिली।
ग्रामीण अंचल में आयोजित इस कार्यक्रम ने लोककला और बिरहा परंपरा को नई ऊर्जा प्रदान की। प्रधान प्रतिनिधि बीरेंद्र कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सागर सिंह, सुमन उपाध्याय,रमणीक सिंह, बबलू सरोज,प्रहलाद प्रभा, अगम मौर्य, दुर्गेश मौर्य, संजीव सिंह दीपू, कामतानाथ सिंह आदि लोग मौजूद थे।
Post a Comment