चौकी में घुसकर दरोगा-सिपाही से मारपीट, तोड़फोड़ में तीन गिरफ्तार
मिर्जापुर शहर कोतवाली के अस्पताल चौकी में घुसकर दरोगा-सिपाही से मारपीट और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य अज्ञात पर केस दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है। ई-रिक्शा में वाहन की टक्कर के बाद चौकी पर बीती रात जमकर बवाल हुआ। इसमें एक सिपाही भी जख्मी हो गया था। पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बीती रात अस्पताल चौकी से पचास मीटर दूर ई-रिक्शा ने किसी को टक्कर मार दिया था। जिस पर उन लोगों ने ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी।मौके पर पहुंची अस्पताल चौकी की पुलिस पिटाई करने वालों को चौकी ले आई। तब तक ई-रिक्शा चालक के पक्ष के लोग भी पहुंच गए और पिटाई करने वालों को चौकी में पीट दिया। मामले की जानकारी होते ही दूसरे पक्ष के लोग काफी संख्या में पहुंच गए। उनका आरोप था कि पुलिस ने पिटाई करने वाले ई-रिक्शा चालक के पक्ष के लोगों को भगा दिया है। इसी को लेकर दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। अस्पताल चौकी में घुसकर तोड़फोड़ कर दी। सिपाही कमलेश पासवान को मारपीट कर उसका सिर फोड़ दिया। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी मनोज राय से भी हाथापाई किए। उनकी वर्दी फाड़ दिए। घंटों चले बवाल के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने मामले में पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी सदर अस्पताल उपनिरीक्षक मनोज कुमार राय की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले आरोपी देहात कोतवाली के मेवली गांव निवासी भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी, विकास त्रिपाठी और शहर कोतवाली के रामबाग निवासी विक्की उर्फ हरेन्द्र प्रताप समेत अन्य अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। आरोपी भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी व विकास त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में सीओ सिटी विवेक जावला ने बताया कि अस्पताल चौकी में दरोगा-सिपाही से मारपीट, तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।दोबारा ऐसा कभी नहीं होगा, क्षमा कर दीजिए....अस्पताल चौकी में घुसकर दरोगा-सिपाही से मारपीट और तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तीनों आरोपी हाथ जोड़कर खड़े हैं। वें माफी मांग रहे हैकि जो हमसे गलती हुई है, दोबारा ऐसा कभी नहीं होगा। हमें क्षमा कर दीजिए।
Post a Comment