हरदोई में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के उद्देश्य से आज शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में दंगा एवं बलवा नियंत्रण का व्यापक पूर्वाभ्यास किया गया। यह अभ्यास पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन के नेतृत्व में आयोजित हुआ। परेड ग्राउंड में आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दंगाई भीड़ को नियंत्रित करने के विभिन्न तरीकों का प्रशिक्षण दिया गया। अभ्यास में रबर बुलेट गन, लाठी चार्ज, आंसू गैस, एंटी राइट गन, टियर गैस गन, हैंड ग्रेनेड, टियर स्मोक सेल और नेट आदि उपकरणों के उपयोग की जानकारी साझा की गई।
ड्रिल के दौरान यह भी बताया गया कि किसी भी संवेदनशील या हिंसक स्थिति में पुलिस बल को किस प्रकार संयम और रणनीति के साथ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का उपयोग आपात परिस्थितियों में कैसे किया जाए, इसकी भी जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को हर परिस्थिति के लिए तैयार रखना है, ताकि जनपद में शांति व्यवस्था कायम रहे और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण मिल सके। दंगा नियंत्रण पूर्वाभ्यास में करीब 160 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर विभिन्न चरणों का व्यावहारिक अभ्यास किया।
Post a Comment