हरदोई। जनपद की हरपालपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध डीजल कारोबार में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर अवैध डीजल, अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर व आर्म्स एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना हरपालपुर क्षेत्र में 9 मई 2026 को वादी अतुल सिंह पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी बरनई चौराहा थाना हरपालपुर जनपद हरदोई की तहरीर पर डीजल चोरी की घटना को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में थाना हरपालपुर पर मु0अ0सं0 138/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
जांच और विवेचना के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल उर्फ मटल्लू पुत्र राम आसरे निवासी ग्राम भुडुआ थाना फतेहगढ़ जनपद फर्रुखाबाद तथा सरवर पुत्र स्व. लालताम निवासी ग्राम देहियारी थाना अरवल जनपद हरदोई शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 लीटर अवैध डीजल, दो प्लास्टिक के नीले रंग के खाली गैलन, एक प्लास्टिक का पाइप, एक रिंच (पाना), एक तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लिया गया।पुलिस के अनुसार #गिरफ्तार आरोपी विशाल उर्फ मटल्लू पर विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई #मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी सरवर पर भी चोरी और अन्य अपराधों के मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं। इस कार्रवाई को थाना हरपालपुर पुलिस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की सराहना की गई है।
Post a Comment