श्रीहित रासमण्डल में धूमधाम से मनाया गया श्रीहित लाड़िली शरण महाराज का प्राकट्य महोत्सव
वृन्दावन। गोविन्द घाट स्थित अखिल भारतीय निर्मोही बड़ा अखाड़ा (श्रीहित रासमण्डल) में महन्त श्रीहित लाड़िली शरण महाराज का प्राकट्य महोत्सव अत्यन्त श्रद्धा एवं धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। जिसके अंतर्गत वृहद सन्त-विद्वत सम्मेलन, भव्य फूल बंगला एवं सन्त, ब्रजवासी वैष्णव सेवा (भंडारा) आदि के कार्यक्रम आयोजित हुए। इसके अलावा भागवताचार्य डॉ. हरे कृष्ण शरद एवं प्रख्यात भजन गायक बाबा बिहारी दास महाराज द्वारा संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य भजन एवं बधाईयों का गायन किया गया।जिस पर सखियों
ने अत्यन्त मनमोहक नृत्य किया।
महामंडलेश्वर स्वामी राधाप्रसाद देवजू महाराज एवं घमंडदेवाचार्य पीठाधीश्वर स्वामी वेणुगोपाल शरण देवाचार्य महाराज ने कहा कि श्रीमहन्त लाड़िली शरण महाराज श्रीराधावल्लभ सम्प्रदाय की एक बहुमूल्य निधि हैं।उन्होंने अपना समूचा जीवन अपनी संप्रदाय के उन्नयन व संवर्धन के लिए ही समर्पित किया हुआ है।
प्रख्यात साहित्यकार "यूपी रत्न" डॉ. गोपाल चतुर्वेदी एवं
ब्रजभूमि कल्याण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ ने कहा कि श्रीमहन्त लाड़िली शरण महाराज के धर्म व अध्यात्म के अलावा समाजसेवा के क्षेत्र में भी अनेकों कीर्तिमान हैं। उन्होंने श्रीहित रासमण्डल ,बाद ग्राम स्थित श्रीहितहरिवंश महाप्रभु की जन्मभूमि व अन्य कई स्थानों पर जो विभिन्न सेवा प्रकल्प संचालित किए हुए हैं, वह अति प्रशंसनीय हैं।
इस अवसर पर चतु:संप्रदाय के श्रीमहंत बाबा फूलडोल बिहारीदास महाराज, श्रीमहंत सुंदरदास महाराज, सन्त प्रवर रामदास महाराज (अयोध्या), महंत मोहिनी शरण महाराज, महंत लाड़ली दास महाराज, श्रीमहन्त दम्पति शरण काका महाराज, सन्त रसिक माधव दास महाराज, रासाचार्य स्वामी देवेन्द्र वशिष्ठ, युवा साहित्यकार डॉ. राधाकांत शर्मा, बाल शुक पुंडरीक कृष्ण महाराज, आचार्य ईश्वरचन्द्र रावत, सन्त रसिया बाबा, अभिषेक कृष्ण शास्त्री, पण्डित राधावल्लभ वशिष्ठ, इन्द्र कुमार शर्मा आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।संचालन महामंडलेश्वर स्वामी सच्चिदानंद शास्त्री महाराज ने किया।
Post a Comment