अंतरराज्यीय चोर गैंग का पर्दाफाश, चार सदस्य गिरफ्तार

मिर्जापुर अहरौरा पुलिस ने बुधवार की रात अंतरराज्यीय चोर गैंग के चार सदस्यों को धर दबोचा। इसमें वनस्थली जंगल के पास मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार हुए। दोनों के पैर में गोली लगी है। जबकि भाग रहे दो अन्य बदमाशों को रामपुर ढबही गांव से पकड़ा है। तीन बदमाश चंदौली और एक पड़री का निवासी है। जो गिरोह बनाकर शराब की दुकानों को निशाना बनाते थे।एएसपी आपरेशन मनीष कुमार मिश्रा ने गुरुवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 16 मार्च की रात सोनपुर गांव स्थित शराब की दुकान में चोरी हुई थी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही थी।
बुधवार की रात मुखबिर से सूचना मिली कि सोनपुर में शराब की दुकान में हुई चोरी का माल कुछ लोग बेचने के लिए पिकअप और कार से सोनभद्र की ओर जा रहे हैं। सूचना पर अहरौरा पुलिस ने अहरौरा फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर दी। तभी एक पिकअप आती दिखाई पड़ी।पुलिस ने चालक को रुकने का इशारा किया तो वह अहरौरा टोल प्लाजा के बगल से वनस्थली जंगल की ओर भागने लगा। पुलिस को पीछे आते देख जंगल में पिकअप खड़ी कर बदमाश फायरिंग करने लगे। बचाव में पुलिस ने भी फायरिंग की। फायरिंग में चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के सिरसी नियमताबाद निवासी करन बिंद और पड़री के कन्हैया का पुरा निवासी गंगाराम बिंद के पैर में गोली लगी। दोनों वहीं जमीन पर गिर गए। पुलिस ने जख्मी बदमाशों को अहरौरा सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से दोनों को मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। आरोपियों के पास से दो तमंचा, जिंदा कारतूस, पिकअप में लदे चोरी का 36 पेटी देशी शराब तथा शराब बिक्री के 68100 रुपये बरामद हुए। मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि उनके दो अन्य साथी कार से सोनभद्र की ओर जा रहे हैं। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए रामपुर ढबही स्थित एक बगीचे से मारुति बरामद किया।मौके से गिरोह के सदस्य चंदौली के अलीनगर के विजारीडीह निवासी आर्यन यादव और रामभरोस साहनी को धर दबोचा। मारूति से चार पेटी देशी शराब और आरोपियों के पास से शराब बिक्री के 27200 रुपये बरामद हुए। बदमाशों की गिरफ्तारी से सन्तनगर, मड़िहान, कछवां, अहरौरा एक-एक, देहात कोतवाली दो, सोनभद्र के रावर्ट्सगंज में दर्ज एक चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। इन थाना क्षेत्रों से भी आरोपियों ने शराब दुकान में चोरी किए थे।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts