मड़िहान में सड़क पर संग्राम, गुरिल्ला युद्ध के बाद बहू ने ससुर पर लगाया गंभीर आरोप मड़िहान

स्थानीय कस्बे में शुक्रवार की दोपहर किसी बात को लेकर एक ही परिवार के बीच ऐसा संग्राम छिड़ा कि पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और पिता पुत्र और बहू में जमकर लाठी-डंडे चलने लगे। चीख-पुकार और अफरा-तफरी के बीच कई लोग घायल हो गए।
बताया गया कि जमीन बंटवारे की रंजिश शुक्रवार को विस्फोटक रूप में सामने आई। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। महिलाओं और बुजुर्गों के सामने ही परिवार के सदस्य एक-दूसरे पर टूट पड़े। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में बेकाबू परिजन किसी की सुनने को तैयार नहीं थे।
इसी बीच बहू ने अपने ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मारपीट और प्रताड़ना की शिकायत की। उसने आरोप लगाया कि जमीन के हिस्से को लेकर उसे लगातार मानसिक दबाव में रखा जा रहा है, और विरोध करने पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया। घटना के बाद वह भावुक अवस्था में न्याय की गुहार लगाती नजर आई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया, जहां पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है। घायलों का स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाएगी। जमीन के छोटे से टुकड़े ने जिस तरह रिश्तों की डोर को तोड़ दिया, उसने पूरे इलाके को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर कब तक संपत्ति के विवाद पारिवारिक संबंधों पर भारी पड़ते रहेंगे।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts