आंझी स्टेशन से लौट रहे स्कूटी सवार युवकों को पिकअप ने मारी टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल।


पाली/हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक अपने एक मित्र को शाहाबाद के आंझी रेलवे स्टेशन पर छोड़कर वापस लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, पाली कस्बे के मोहल्ला काजीसराय निवासी बबलू पुत्र स्वर्गीय सफी अहमद अपने मित्र इशरत पुत्र साबिर अली के साथ स्कूटी से अपने एक अन्य मित्र तालिब को आंझी रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे। तालिब को स्टेशन पर छोड़ने के बाद दोनों युवक वापस पाली लौट रहे थे। इसी दौरान पाली थाना क्षेत्र के दरियापुर मोड़ के पास तेज रफ्तार पिकअप डाला ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि बबलू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इशरत गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल इशरत को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

20 साल पहले पिता की भी सड़क हादसे में हुई थी मौत,पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, मृतक बबलू के पिता स्वर्गीय सफी अहमद की भी करीब 20 वर्ष पूर्व एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बबलू अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है। पिता के निधन के बाद वह अपने चाचा के साथ रहकर परिवार का सहारा बना हुआ था। बताया जाता है कि उसकी मां काफी पहले परिवार को छोड़कर चली गई थी।

दिल्ली में करते थे काम, मोहर्रम पर आए थे घर,
बबलू और उसका साथी इशरत दिल्ली में रहकर मजदूरी का कार्य करते थे। दोनों मोहर्रम के अवसर पर अपने घर आए हुए थे और तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि हादसा करने वाले पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts