चुनार पुल के लिए एक चौथाई जाली बनकर तैयार
मिर्जापुर। चुनार पक्का पुल पर सुरक्षा जाली बनाने का लगभग एक चौथाई कार्य पूरा हो गया है। कानपुर से लोहे के ऐंगल की आपूर्ति होते ही जाली बनाने के कार्य में भी तेजी आ गई है। पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अमरनाथ ने दावा किया है कि इस सप्ताह के अंत तक पुल पर जाली लगवाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा। वहीं, पुल पर सुरक्षा जाली लगवा दिए जाने से खुदकुशी की घटनाओं पर नियंत्रण करने में मदद मिलेगी। चुनार पक्का पुल के लिए बनवाई जा रही सुरक्षा जाली का काम लोहे के ऐंगल की कमी दूर होते ही तेज हो गया है।लोक निर्माण विभाग के सीडी-2 के अवर अभियंता अमरनाथ ने बताया कि लगभग एक चौथाई सुरक्षा जाली बुधवार शाम तक तैयार हो गई है। वेल्डिंग करने वाले मिस्त्री जाली निर्माण में काफी तेजी से जुटे हैं। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह के अंत तक जाली लगवाने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिससे पंद्रह दिनों के अंदर पुल पर सुरक्षा जाली का कार्य पूरा करा लिया जाए। पुल पर सुरक्षा जाली लगवाने के लिए प्रशासन का दबाव भी है। हाल ही में डीएम ने भी समीक्षा बैठक में निर्देशित किया था कि पुल पर सुरक्षा जाली जल्द से जल्द लगवाया जाए। डीएम ने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से पूछा था कि जब शासन से 90 लाख रुपये मिल गए थे तो टेंडर कराने में इतना विलंब क्यों किया गया? अधिशासी अभियंता इसका जवाब नहीं दे पाए थे।
Post a Comment