गलती से गया पसीने की कमाई का पैसा, मड़िहान पुलिस की तत्परता से पीड़ित के खाते में वापस आए मड़िहान

कभी-कभी छोटी सी गलती भी इंसान की नींद और सुकून छीन लेती है। ऐसा ही कुछ हुआ मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला गांव निवासी अजय कुमार सिंह के साथ, जब उनकी मेहनत की कमाई के दो हजार रुपये गलती से किसी दूसरे खाते में ट्रांसफर हो गए।
इसके बाद पीड़ित अजय कुमार सिंह गहरे तनाव में आ गए। सीमित संसाधनों में जीवन यापन करने वाले इस परिवार के लिए बड़ी रकम थी, बल्कि यह उनके रोजमर्रा के संघर्षों से जुटाई गई पूंजी थी।
निराश अजय पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही थाना मड़िहान की साइबर सेल टीम हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में साइबर टीम ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत जांच शुरू की।
कई तकनीकी प्रयास के बाद टीम ने उस खाते का पता लगाया, जहां पैसा गलती से ट्रांसफर हुआ था। फिर संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित कर आखिरकार पूरे रुपये पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए।
जैसे ही अजय कुमार सिंह को उनके पैसे वापस मिले, उनकी आंखों में राहत के आंसू छलक पड़े। यह सिर्फ पैसे की वापसी नहीं थी, बल्कि उनके विश्वास और उम्मीद की भी वापसी थी।
इस दौरान अजय कुमार सिंह ने थाना मड़िहान पहुंचकर पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज पुलिस ने न सिर्फ मेरे पैसे लौटाए, बल्कि मेरे परिवार की मुस्कान भी वापस दिला दी।
इस सराहनीय कार्य में थाना मड़िहान के प्रभारी निरीक्षक बालमुकुंद मिश्र तथा साइबर सेल के का0 कुलदीप कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी सक्रियता और संवेदनशीलता ने यह साबित कर दिया कि पुलिस सिर्फ कानून की रक्षक ही नहीं, बल्कि आम जनता की उम्मीदों की भी संरक्षक है।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts