भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे बीडीओ छतोह
नसीराबाद, रायबरेली। तहसील सलोन के छतोह ब्लॉक में ग्राम रोजगार सेवक द्वारा मनरेगा के अंतर्गत कराए जा रहे काम में मजदूरों की फर्जी हाजिरी प्रदर्शित करने की बात प्रकाश में आई है। मनरेगा के तहत ग्राम पंचायत बरावां के घोरहा प्रथम तालाब की खुदाई का काम चल रहा था जिसमें मजदूरों की उपस्थिति फोटोग्राफ के माध्यम से भी प्रदर्शित करने का आदेश आयुक्त मनरेगा द्वारा दिया गया था। ग्राम रोजगार सेवक सीमा मौर्य द्वारा एक ही फोटो को कई बार अपलोड करके मजदूरों की फ़र्जी हाजिरी प्रदर्शित की गई थी। विभिन्न समाचार पत्रों द्वारा प्रकरण प्रकाशित किए जाने के बाद हरकत में आए खंड विकास अधिकारी ने 31 जनवरी 2025 को ग्राम रोजगार सेवक से दो दिवस के अंदर लिखित स्पष्टीकरण मांगा था। किंतु अभी तक कोई कार्यवाही न किए जाने से ऐसा प्रतीत होता है कि कार्यक्रम अधिकारी के रूप में वे भी इस मामले में लीपापोती करके भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
इस विषय में उनसे जानकारी करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन उठाना तो मुनासिब नहीं समझा किन्तु कार्यालय में संपर्क करने पर बताया कि संबंधित को रिमाइंडर भेजा जाएगा।
Post a Comment