एक मई से प्रदेशभर में लागू हो गया है निर्धारित बिजली कटौती का समय, यूपीपीसीएल ने जारी किया शेड्यूल।
रिपोर्ट ~आलोक सिंह
#लखनऊ। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विद्युत आपूर्ति प्रबंधन को लेकर नया रोस्टर जारी किया है। जारी ई-मेल संदेश के अनुसार 1 मई 2026 से 31 मई 2026 तक प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों और नगर पंचायत क्षेत्रों में प्रतिदिन निर्धारित समय के अनुसार बिजली कटौती की जाएगी। यह आदेश अधीक्षण अभियंता (प्रणाली नियंत्रण) द्वारा जारी किया गया है। यूपीपीसीएल के मुताबिक गर्मी के मौसम और विद्युत मांग को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की जा रही है। जारी शेड्यूल के अनुसार अलग-अलग डिस्कॉम क्षेत्रों में प्रतिदिन करीब ढाई घंटे की बिजली कटौती प्रस्तावित है। तहसील मुख्यालयों और नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिलों में तहसील मुख्यालयों पर सुबह 6:30 बजे से 8:00 बजे तक तथा दोपहर 12:15 बजे से 13:15 बजे तक बिजली कटौती रहेगी। वहीं नगर पंचायत क्षेत्रों में सुबह 6:00 बजे से 7:00 बजे तक और दोपहर 2:00 बजे से 3:30 बजे तक आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी प्रकार पश्चिमांचल, पूर्वांचल और दक्षिणांचल क्षेत्रों के लिए भी अलग-अलग समय निर्धारित किए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि यह व्यवस्था सामान्य आपूर्ति की स्थिति में लागू रहेगी तथा ग्रिड सुरक्षा के अनुसार आवश्यक बदलाव भी किए जा सकते हैं। यूपीपीसीएल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कटौती का शेड्यूल समय से लागू कराया जाए और उपभोक्ताओं को भी इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Jaago News Mvvnl Hardoi Mvvnl Headquarter बिजली विभाग अपडेट #उत्तर_प्रदेश
Post a Comment