चैत्र नवरात्रि मेला: विंध्याचल में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 27 मार्च तक भारी वाहनों पर रोक।

चैत्र नवरात्रि मेला: विंध्याचल में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 27 मार्च तक भारी वाहनों पर रोक।

मीरजापुर। मीरजापुर पुलिस ने चैत्र नवरात्रि के दौरान विंध्याचल धाम में लगने वाले मेले को देखते हुए विस्तृत यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह व्यवस्था 18 मार्च 2026 की सुबह 6 बजे से 27 मार्च 2026 की रात 10 बजे तक लागू रहेगी।
पुलिस के अनुसार, मेले में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध (नो-एंट्री) रहेगा। प्रयागराज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गैपुरा चौराहे से विजयपुर होते हुए लालगंज की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। वहीं नटवा तिराहा से विंध्याचल की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
शहर क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 6 बजे तक जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। बालू, गिट्टी, मोरंग और लोहे से लदे वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और उन्हें लालगंज व चुनार की ओर मोड़ा जाएगा।
दर्शनार्थियों के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई है। प्रयागराज की ओर से आने वाली बसों को अष्टभुजा पार्किंग, जबकि सोनभद्र और मध्य प्रदेश की ओर से आने वाली बसों को अमरावती और हरिश्चंद्र पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वाराणसी, जौनपुर, भदोही और बिहार की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही रोका जाएगा।
पुलिस ने बताया कि पार्किंग फुल होने की स्थिति में वाहनों को वैकल्पिक पार्किंग स्थलों की ओर डायवर्ट किया जाएगा। साथ ही किसी भी हालत में सड़क पर वाहन खड़े नहीं होने दिए जाएंगे। इसके लिए क्रेन और मोबाइल टीम लगातार निगरानी करेगी।
मेले की यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अमरावती चौराहे पर अस्थायी यातायात नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया जाएगा। आपातकालीन सेवाओं जैसे एंबुलेंस, स्कूल बस, यात्री बस और पेट्रोलियम वाहनों को इस डायवर्जन से छूट दी गई है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कर सकें।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts