कफ सिरप तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 25-25 हजार के इनामिया समेत 5 गिरफ्तार
वाराणसी। कोतवाली पुलिस और एसआईटी टीम ने कफ सिरप तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए 25-25 हजार रुपये के तीन इनामिया अपराधियों समेत कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर कोडीन युक्त न्यू फेंसाडिल कफ सिरप की अवैध खरीद-फरोख्त और तस्करी कर करोड़ों रुपये की अवैध कमाई करने का आरोप है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और जहरीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में कोतवाली पुलिस एवं एसआईटी टीम ने शुक्रवार को भोरसर लिंक रोड, मिर्जापुर बाइपास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह 25-25 हजार रुपये के इनामिया और वांछित अपराधी थे। इनके अलावा अभिनव कुमार यादव और घनश्याम मौर्य को भी पकड़ा गया है।
फर्जी GST इनवॉयस से होती थी तस्करी
पुलिस के अनुसार, अभियुक्तों ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत फर्जी और कूटरचित जीएसटी इनवॉयस व ई-वे बिल का इस्तेमाल कर रांची (झारखंड) स्थित फर्म के माध्यम से कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप खरीदी। इस सिरप को औषधीय उपयोग के बजाय नशे के लिए विभिन्न मेडिकल फर्मों के जरिये बेचा जाता था।
पूछताछ में सामने आया कि तस्करी से जुड़े सभी सौदे, बैंक लेनदेन और नकद भुगतान की योजना वाराणसी के केबीएन प्लाजा स्थित एक कार्यालय में बनाई जाती थी। आरोपियों ने बताया कि अब तक करीब 25 लाख बोतल कफ सिरप की तस्करी कर हवाला के जरिये लगभग 40 करोड़ रुपये का अवैध लेनदेन किया गया, जिसमें से करीब 8 करोड़ रुपये का सीधा लाभ अभियुक्तों ने कमाया।
कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क पश्चिम बंगाल, बिहार और त्रिपुरा तक फैला हुआ था। कई बार माल पकड़े जाने पर ई-वे बिल बनाकर नोटिस का जवाब दिया जाता था। तस्करी के उद्देश्य से कई लोगों के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर फर्जी फर्में भी खुलवाई गई थीं।
बरामदगी
आरोपियों के कब्जे से 46 अदद विदेशी मुद्रा और एक आईफोन बरामद किया गया है।
इन धाराओं में मुकदमा
गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29/26डी में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
Post a Comment