बनारस डिवीजन प्रीमियर लीग टी-20 का खिताब डीआरएम डेजलर्स के नाम
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे बनारस मंडल द्वारा आयोजित बनारस डिवीजन प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला शनिवार को खेला गया। रोमांचक खिताबी मुकाबले में डीआरएम डेजलर्स ने सीएमएस वॉरियर्स को 49 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
पूर्वोत्तर रेलवे स्टेडियम, मंडल क्रीड़ा स्थल पर खेले गए इस फाइनल मैच में डीआरएम डेजलर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 223 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रामप्रवेश यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 29 गेंदों में 9 चौके और 5 छक्कों की मदद से 75 रन बनाए। प्रमोद राय ने 32 रन और आशीष सिंह ने 40 रन की उपयोगी पारी खेली।
सीएमएस वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी में रामप्रवेश यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट झटके। शैलेश और शैलेश कुमार को भी एक-एक सफलता मिली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीएमएस वॉरियर्स की टीम 178 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से आशीष चौधरी ने 33 रन, नादिर ने 34 रन और लक्ष्मण यादव ने 26 रन बनाए, लेकिन टीम जीत की दहलीज तक नहीं पहुंच सकी। डीआरएम डेजलर्स की ओर से पुष्पेंद्र वैस ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 36 रन देकर 4 विकेट लिए, जबकि अमित कुमार को 2 विकेट मिले।
इस जीत के साथ डीआरएम डेजलर्स ने प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। शानदार प्रदर्शन के लिए रामप्रवेश यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। बेस्ट बैट्समैन का पुरस्कार नादिर हुसैन, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार बलेंद्र पाल और मैन ऑफ द सीरीज का सम्मान रामप्रवेश यादव को दिया गया।
गौरतलब है कि बनारस डिवीजन प्रीमियर लीग टी-20 का आयोजन 4 से 8 फरवरी 2026 तक किया गया, जिसमें डीआरएम डेजलर्स, एडीआरएम चैलेंजर्स, एडीआरएम एवेंजर्स और सीएमएस वॉरियर्स की टीमों ने हिस्सा लिया। सभी टीमों में मंडलीय अधिकारियों और कर्मचारियों का संतुलित प्रतिनिधित्व रहा।
Post a Comment