ग्राम चौपाल में नहीं पहुंचे नोडल अधिकारी

ग्राम चौपाल में नहीं पहुंचे नोडल अधिकारी
छानबे, मिर्जापुर। क्षेत्र के बरबटा गाँव में शुक्रवार को गाँव की समस्या-गांव में समाधान चौपाल में आए ग्रामीणों को कड़ाके की ठंड में उल्टे पांव वापस लौटना पड़ा। चौपाल के लिए नामित नोडल अधिकारी उपायुक्त स्वत: रोजगार के इंतजार में बैठे ग्रामीणों को निराशा हाथ लगी। सेक्रेटरी दिनेश कुमार ने तीन बजे दिन में चौपाल समाप्त होने की घोषणा कर दी। इसके पहले आंगनबाड़ी की सुपरवाइजर सुनीता देवी के सामने उस समय अजीबोगरीब माहौल उत्पन्न हो गया जब एक स्वर में कई महिलाओं ने पोषाहार खुले बाजार के हवाले किए जाने का आरोप लगाया। मीरा देवी,सुगिया,दिलासा आदि महिलाओं ने बताया कि तीन से छ: साल तक के बच्चों को पोषाहार नहीं मिल रहा है। यहाँ तैनात आंगनबाड़ियों की घिग्घी बंध गई। किसान लक्ष्मी नारायण सिंह ने बताया कि घड़रोज,जंगली सूअरों व छुट्टा पशुओं से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। फसलों को सफाचट होते देख कलेजा बैठ रहा है। डेढ़ साल के अंदर हर घर नल योजना की भूमिगत पाइप लाइन ध्वस्त होने का मामला उठाया गया। बीट प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य चल रहा है। प्रधान लालमणि मौर्या ने अध्यक्षता की। पंचायत सहायक विभा मौर्या ने मांगों को सूचीबद्ध किया। पांच घंटे तक अधिकारियों की बाट जोहने के बाद ग्रामीणों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त किया।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts