गो तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई: ग्राम प्रधान पद से हटाए गए, दो अधिकारी निलंबित।

गो तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई: ग्राम प्रधान पद से हटाए गए, दो अधिकारी निलंबित।
मीरजापुर।गो तस्करी के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पंचायत धोबहा देवघटा (सोनवर्षा), विकास खंड लालगंज के ग्राम प्रधान श्याम बहादुर पटेल को पंचायत राज अधिनियम 1947 की धारा 12 के तहत तत्काल प्रभाव से ग्राम प्रधान पद से हटा दिया गया है।
जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायत अधिकारी कृष्ण लाल को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लालगंज को निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत के विकास कार्यों को प्रभावित होने से बचाने के लिए नियमानुसार ग्राम सभा की बैठक कराई जाए और निर्वाचित सदस्यों में से किसी एक को अस्थायी ग्राम प्रधान का प्रभार सौंपने का प्रस्ताव तत्काल सुनिश्चित किया जाए।
इसके साथ ही निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल उरूवा सोनवर्षा, लालगंज में निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अभिलेखों में दर्ज गोवंशों की संख्या और मौके पर मौजूद गोवंशों की संख्या में अंतर पाया गया। साथ ही आश्रय स्थल पर रखे गए गोवंशों की टैगिंग नहीं की गई थी।
इन गंभीर लापरवाहियों, शासकीय कार्यों में रुचि न लेने तथा दायित्वों के निर्वहन में शिथिलता बरतने के आरोप में श्री जगदम्बा प्रसाद सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी, राजकीय पशु सेवा केंद्र लहगंपुर, विकास खंड लालगंज को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गोवंश संरक्षण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts