मीरजापुर में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, पुलिस लाइन में भव्य परेड

मीरजापुर में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, पुलिस लाइन में भव्य परेड
कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने किया ध्वजारोहण, पुलिसकर्मी और स्कूली बच्चे किए गए सम्मानित
मीरजापुर।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन मीरजापुर में भव्य परेड एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मीरजापुर सोमेन बर्मा ने की। इस मौके पर पुलिस लाइन को फूलों, गुब्बारों और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इसके बाद डीआईजी/एसएसपी सोमेन बर्मा और परेड कमांडर प्रथम गायत्री यादव (क्षेत्राधिकारी लाइन) ने सुसज्जित वाहन पर सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। परेड के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान में हर्ष फायरिंग की गई।
भव्य परेड में तीन परेड कमांडर, आठ टोलियां और दस वाहनों का दस्ता शामिल रहा। सशस्त्र, नागरिक, महिला, कमांडो, एनसीसी बालक-बालिका सहित विभिन्न टोलियों तथा यूपी-112, फॉरेंसिक, श्वान दल, एंटी रोमियो, फायर सर्विस और एंबुलेंस दस्तों ने आकर्षक प्रदर्शन किया। सभी टोलियों ने मंच के सामने से गुजरते हुए मुख्य अतिथि का अभिवादन किया।
इस अवसर पर विंध्याचल मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, जनपद न्यायाधीश अरविंद कुमार मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने डीआईजी/एसएसपी के साथ परेड में शामिल जवानों को सत्यनिष्ठा, स्वतंत्रता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। इसके बाद तिरंगे रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़कर शांति, एकता और देशभक्ति का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुख्य आरक्षी उपेन्द्र कुमार मिश्रा को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के ‘सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न’ से सम्मानित किया गया। इसके अलावा जनपदीय पुलिस एवं यूपी-112 में तैनात कई पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों और अतिथियों को स्मृति चिन्ह भी भेंट किए गए।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और शिक्षकों को स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए। डीआईजी/एसएसपी सोमेन बर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सभी संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रतिभागियों को बधाई दी।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts