पूर्व विधायक गजाधर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हजारों लोग।

पूर्व विधायक गजाधर सिंह को श्रद्धांजलि देने पहुंचे हजारों लोग।
डीह,रायबरेली। 
एक छोटे से गांव के साधारण परिवार में जन्म लेकर गांव से जिले तक की राजनीति में अपनी धमक कायम करने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक अपनी व्यक्तिगत और मजबूत पहचान रखने वाले पूर्व विधायक और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय गजाधर सिंह की प्रथम पुण्यतिथि पर सलोन विधानसभा क्षेत्र के डीह ब्लॉक में उनके पैतृक गांव आशापुर में  उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए हजारों लोगों का तांता लगा रहा। साधारण जनता से लेकर बड़े-बड़े राजनेता तक वहां पहुंचे और अपनी भावांजलि अर्पित की।18 फरवरी 1951 को जन्मे स्वर्गीय जगदीश सिंह के इकलौते पुत्र स्व. गजाधर सिंह ने 1983 में ब्लॉक प्रमुख का चुनाव  जीतकर राजनीतिक पारी की शुरुआत की। कांग्रेस पार्टी में रहकर उन्होंने स्वर्गीय संजय गांधी से लेकर प्रधानमंत्री राजीव गांधी तक अपनी मजबूत पैठ बनाए रखी। परशदेपुर स्थित उनकी राइस मिल का उद्घाटन तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने किया था। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री स्वर्गीय कैप्टन सतीश शर्मा से मतभेद के बाद वे समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए और सपा बसपा गठबंधन में सपा प्रत्याशी के रूप में 1993 में तत्कालीन डलमऊ और वर्तमान समय के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से विधायक बने।जिला सहकारी बैंक रायबरेली के चार बार अध्यक्ष रह चुके गजाधर सिंह ने सपा से निष्कासित होने के बावजूद सपा सरकार के प्रत्याशी को बुरी तरह हराकर जिला सहकारी बैंक की कुर्सी हथियाई।
व्यवसाय, शिक्षा और राजनीति में समान रूप से आजीवन अपना दबदबा कायम रखने वाले पूर्व विधायक स्वर्गीय गजाधर सिंह ने अपने प्रतिष्ठानों में हजारों लोगों को रोजगार भी दिया। उनकी राजनैतिक विरासत को संभालने वाले उनके छोटे पुत्र विवेक विक्रम सिंह वर्तमान में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री राजा मयंकेश्वर शरण सिंह, क्षेत्रीय विधायक अशोक कुमार कोरी, भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बुद्धि लाल पासी, पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह,अमेठी के जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि,सलोन के पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंवर आजाद सिंह सहित सैकड़ों जनप्रतिनिधियों, गणमान्य लोगों और उनसे लगाव रखने वाले हजारों लोग उनके पैतृक गांव आशापुर पहुंचे और विशेष रूप से आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उनकी धर्मपत्नी श्रीमती सावित्री सिंह, पुत्रगण अभिषेक विक्रम सिंह, उदय विक्रम सिंह और विवेक विक्रम सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Programs & Facts